Bhopal Weather News: भोपाल में सुबह पड़ीं तेज बौछारें, जानिए आज कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को दिनभर बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है। भोपाल में इस सीजन में 810.5 मिमी वर्षा हो चुकी।
Publish Date:
Fri, 22 Sep 2023 08: 58 AM (IST)
Updated Date:
Fri, 22 Sep 2023 08: 58 AM (IST)
भोपाल, नवदुनिया प्रतिनिधि। झारखंड के पास कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। मानसून द्रोणिका भी मध्य प्रदेश से होकर गुजर रही है। इन दो मौसम प्रणालियों के असर से प्रदेश के अधिकांश हिस्से में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। राजधानी भोपाल में भी शुक्रवार सुबह से ही रुक-रुककर वर्षा का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को प्रदेश में शहडोल, सागर, जबलपुर संभागों में अधिकांश स्थानों पर और रीवा, भोपाल व नर्मदापुरम संभागों के जिलों में अनेक स्थानों पर तेज वर्षा हो सकती है। शेष संभागों के जिलों में भी गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं। राजधानी भोपाल में शुक्रवार को दिनभर बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है।
ये वेदर सिस्टम सक्रिय
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि झारखंड के पास बना कम दबाव का क्षेत्र बिहार की तरफ बढ़ रहा है। मानसून द्रोणिका भी मप्र से होकर गुजर रही है। वातावरण में नमी आने के कारण मध्य प्रदेश में मानसून की गतिविधियां फिर बढ़ने लगी हैं। अगले दो-तीन दिन तक प्रदेश के अधिकांश हिस्से में मानसून मेहरबान रहेगा।
अगस्त में सूखे की सितंबर में भरपाई
मानसून के हिसाब से अगस्त माह सूखा ही गुजरा था, लेकिन सितंबर के शुरुआती हफ्ते से शुरू हुए बारिश के सिलसिले ने काफी हद तक भरपाई कर दी है। इससे किसानों के चेहरे खिलने लगे हैं, साथ ही जलाशयों का जलस्तर भी बढ़ा है। हालांकि इस सीजन में एक जून से लेकर गुरुवार सुबह साढ़े आठ बजे तक मध्य प्रदेश में कुल 910.2 मिमी. वर्षा हुई है, जो सामान्य वर्षा (922.6 मिमी.) की तुलना में अब भी एक प्रतिशत कम है।
भोपाल में अब तक 810.5 मिमी बारिश
मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक भोपाल में इस सीजन में एक जून से लेकर 21 सितंबर शाम साढ़े पांच बजे तक 810.5 मिमी वर्षा हो चुकी थी। जबकि सामान्य रूप से इतने दिनों में यहां 1042.7 मिमी बारिश हो जानी चाहिए थी। इस प्रकार भोपाल में अब भी सामान्य कोटे से 232.2 मिमी कम बारिश हुई है।