Select Page

Live MP Nikay Chunav 2022 Updates: उज्जैन, खंडवा, बुरहानपुर, शाजापुर में मतदान जारी, मतदाताओं में भारी उत्साह

Live MP Nikay Chunav 2022 Updates: उज्जैन, खंडवा, बुरहानपुर, शाजापुर में मतदान जारी, मतदाताओं में भारी उत्साह

Live MP Nikay Chunav 2022 Updates: इंदौर (टीम नईदुनिया)। उज्जैन, खंडवा और बुरहानपुर नगर निगम चुनाव के लिए आज सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। खंडवा में 195 मतदान केंद्रों पर चुनाव हो रहा है, यहां 1,75,644 मतदाता हैं। महापौर चुनाव के लिए पांच प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें भाजपा से अमृता अमर यादव और कांग्रेस से आशा अमित मिश्रा के बीच मुख्य टक्कर मानी जा रही है। इसी तरह 50 वार्ड पार्षद पदों के लिए 158 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। बुरहानपुर नगर निगम के 48 वार्डों के पार्षद और महापौर के लिए कुल 207 मतदान केंद्रों में मतदान हो रहा है। 1,77,666 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। महापौर पद के लिए भाजपा से माधुरी पटेल और कांग्रेस से शहनाज अंसारी मैदान में हैं। उज्जैन में 568 मतदान केंद्रों पर 4,61,103 मतदाता मतदान करेंगे। महापौर के लिए कांग्रेस के महेश परमार और भाजपा के मुकेश टटवाल के बीच सीधा मुकाबला है। 54 वार्डों में 178 पार्षद प्रत्याशी मैदान में हैं।

खंडवा में सूची में नाम नहीं मिलने से परेशान होते रहे मतदाता

खंडवा में सुबह 9 बजे के बाद से मतदान केंद्रों पर वोटिंग के लिए मतदाताओं की भीड़ बढ़ने लगी। कई केंद्र ऐसे भी रहे जहां सूची में नाम नहीं होने से मतदाताओं को पर्ची नहीं मिल सकी। ऐसे में मतदाता वोट डालने से वंचित हो गए। इसे लेकर मतदाताओं में नाराजगी देखी गई। वार्ड क्रमांक 5 में भाजयुमो के जिला अध्यक्ष अनूप पटेल भी सूची में अपना नाम नहीं होने से परेशान होते रहे। उन्होंने कहा कि बीएलओ से संपर्क किया लेकिन वह फोन नहीं उठा रहे हैं। कलेक्टर को पूरी स्थिति से अवगत कराया है। यहां कई मतदाताओं के नाम सूची में नहीं मिले। इसी तरह वार्ड क्रमांक 1 और 2 में भी मतदाता सूची में नाम नहीं होने से कई लोग बिना मतदान किए ही मायूस होकर घर लौट गए।

खंडवा में मतदान को लेकर महिलाओं में भारी उत्साह

खंडवा में मतदान को लेकर महिलाओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। मतदान केंद्रों पर पुरुषों की अपेक्षा महिलाओं की कतार ज्यादा नजर आ रही है। जवाहर गंज वार्ड के मतदान केंद्रों पर वोट डालने के लिए मतदाताओं की कतार लग रही है। यहां कस्तूरबा गांधी स्कूल में बनाए गए मतदान केंद्र पर महिलाओं की लंबी कतार देखी गई। मतदान करने आई महिलाओं ने कहा कि वोट डालना हमारा अधिकार है। अपने वार्ड और शहर के विकास के लिए हम मतदान करने आए हैं। यहां भीड़ अधिक होने से वोट करने के लिए महिलाओं को अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा।

खंडवा के सराफा बाजार स्थित श्री गणेश मंदिर में भाजपा प्रत्याशी अम्रता अमर यादव ने पूजा की। उनके साथ पति अमर यादव और वार्ड पार्षद प्रत्याशी मौजूद रहे।

धार जिले के बदनावर में मतदान जारी

धार जिले के बदनावर में मतदान के लिए उत्साहित नजर आए मतदाता, यहां सुबह 9 बजे तक 20 प्रतिशत मतदान हुआ। नगर निकाय चुनाव में मतदान केंद्र पर सुबह से ही मतदाताओं की भीड़ रही। कुछ मतदान केंद्रों पर मतदाता सुबह-सुबह मतदान करके से 10 बजे एक मतदान केंद्र पर सन्नाटा रहा जबकि कुछ मतदान केंद्रों पर अभी भी लंबी कतारें लगी हुई हैं सुबह 9 बजे तक 28 मतदान केंद्रों पर 20 प्रतिशत मतदान हो चुका है।

खंडवा में मतदान केंद्र ढूंढने में आ रही परेशानी

खंडवा के जसवाड़ी रोड स्थित कृषि महाविद्यालय के मतदान क्रमांक 35 से लेकर 36 तक के केंद्रों पर मतदान के लिए पहुंच रहे लोगों को केंद्र ढूंढने में परेशानी हो रही है। कई मतदाताओं के नाम विधानसभा में इस केंद्र पर थे, वहां से अन्य केंद्र में शिफ्ट होने से लोग पर्ची लेकर भटक रहे हैं। विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता लोगों को केंद्र की जानकारी देकर पहुंचा रहे हैं।

खंडवा में माकपोल में गड़बड़ी मिलने पर बदली गई इवीएम

खंडवा में मतदान के पूर्व सुबह मतदान केंद्रों पर मकपोल हुआ, इस दौरान कुछ मतदान केंद्रों पर इवीएम में गड़बड़ी पाई गई। ऐसे में यहां मशीनों को बदला गया। सिंधी कालोनी, मोतीलाल नेहरू स्कूल, हिंदू बाल सेवा सदन और मोहनलाल कालूराम स्कूल में ईवीएम बदलने के बाद यहां मतदान शुरू कराया गया।

सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने डाला वोट

सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने वोट डालने के बाद कहा कि खंडवा और बुरहानपुर नगर निगम में भाजपा के प्रत्याशी ही जीत हासिल करेंगे। जनता को अच्छी तरह पता है कि उनकी जरूरतों का ध्यान किस पार्टी ने रखा है। चाहे राशन की बात हो या मकान की बात हो भाजपा ने ही गरीबों का ध्यान रखा है। इसलिए जनता का वोट कमल के फूल को ही मिलना है।

खंडवा में 80 वर्ष की बनारसी बाई ने दिया वोट

खंडवा में शुरुआती 1 घंटे में मतदान केंद्रों पर छुटपुट मतदाता ही वोट देने के लिए पहुंचे। मतदान केंद्र क्रमांक 18 में अस्सी वर्ष की बनारसी बाई मतदान के लिए पहुंची। बनारसी बाई ने कहा कि मतदान करने को लेकर उत्साहित हूं मैं कभी भी वोट देने का मौका नहीं छोड़ती। शहर सरकार चुनने के लिए आज मतदान करने आई हूं। इस मतदान केंद्र पर कीचड़ की स्थिति होने की वजह से मतदाताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ा। खंडवा नगर निगम द्वारा मार्ग पर चुरी डाली गई थी लेकिन बारिश में चोरी की वजह से स्थिति और गड़बड़ हो गई। इसी तरह सूरजकुंड स्थित मतदान केंद्र पर भी मतदाताओं की भीड़ कम ही नजर आई। विदित हो कि शहर के 195 मतदान केंद्रों पर वोटिंग का सिलसिला शाम 5बजे तक चलेगा।

उज्जैन में मतदान केंद्रों पर सुबह से लगी लंबी कतारें

जबरदस्त उत्साह के साथ बुधवार को उज्जैन की नगर सरकार चुनने को सुबह 7 से मतदान शुरू हो गया। इलेक्ट्रिक वोटिंग मशीन से अपना महापौर और पार्षद चुनने को सभी 568 मतदान केंद्रों पर बुजुर्गों संग युवाओं की लंबी कतारें लगी। पहली बार मतदान करने आई साक्षी चौहान ने नईदुनिया से कहा कि मतदान को लेकर बहुत उत्साहित हूं। अब तक सुना था कि मतदान केसे करते, अब कर के देख भी लिया। लोकतंत्र के उत्सव में शामिल होकर अच्छा लग रहा। मुझे खुशी है कि नगर सरकार चुनने में मेरा भी योगदान है।कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी महेश परमार ने सुबह 7.10 बजे दशहरा मैदान स्थित कन्या हायर सेकंडरी स्कूल में बनाए मतदान केंद्र में वोट डाला।

भाजपा के महापौर प्रत्याशी मुकेश टटवाल ने संत नगर स्थित स्कूल में बनाए मतदान केंद्र में वोट डाला। उच्च शिक्षा मंत्री डा. मोहन यादव ने फ्रीगंज फ्रूट मार्केट स्थित सिंधी धर्मशाला में वोट डाला।कलेक्टर आशीष सिंह और पुलिस अधीक्षक सत्येंद्रकुमार शुक्ल ने कोठी महल, भेरवगढ़, मोजमखेडी मतदान केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखी।

उज्जैन में उच्च शिक्षा मंत्री डा मोहन यादव ने किया मतदान

जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार नगर के 4,61,103 मतदाता मतदान करेंगे। मतदान शाम 5 बजे तक होगा। बता दे कि उज्जैन में चुनाव, महापौर पद के पांच और 54 वार्ड पार्षद पद के 178 प्रत्याशियों में से हो रहा है। मतगणना और परिणामों की घोषणा 17 जुलाई को होगी।

उज्जैन भाजपा के महापौर प्रत्याशी मुकेश टटवाल।

उज्जैन कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी महेश परमार।

खंडवा में नगर सरकार बनाने के लिए मतदाताओं में उत्साह जारी

खंडवा नगर निगम चुनाव के लिए मतदान का सिलसिला सुबह सात बजे से जारी है। मौसम खुलने से लोग उत्साह से मतदान के लिए केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। कुछ केंद्रों के बाहर कल भी बारिश के कारण कीचड़ से लोगों को आवाजाही में दिक्कत हो रही है। खंडवा में 195 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 48 केंद्र संवेदनशील श्रेणी के हैं। सुबह माक पोल के बाद मतदान का सिलसिला शुरू हुआ। शहर के संजय नगर, घासपुरा, अंबेडकर वार्ड केंद्रों पर सुबह सात बजे से ही लोग कतार में नजर आए। करीब चार केंद्रों पर ईवीएम में तकनीकी दिक्कत माक पोल के दौरान सामने आने पर उसे दुरुस्त कर दिया गया। संजय नगर वार्ड में एक दूल्हे ने भी मतदान किया महापौर और 50 वार्ड के पार्षदों का चयन शहर के 175644 मतदाता करेंगे।

खंडवा के अंबेडकर वार्ड के मतदान क्रमांक 43 में कीचड़ के बीच से मत डालने पहुंच रहे मतदाता।

बुरहानपुर में मतदान को लेकर उत्साह

शिकारपुरा वार्ड क्रमांक वार्ड नंबर 3 मतदान क्रमांक 8 9 10 में सुबह 7 बजे से माक पोल के साथ मतदान केंद्र पर बैठे एजेंटों को सील दिखाई गई एवं उनके हस्ताक्षर लेकर मतदान शुरू किया गया। लोगों में मतदान को लेकर उत्साह है।

शाजापुर नगर पालिका और मक्सी नगर परिषद के लिए मतदान जारी

शाजापुर नगर पालिका और मक्सी नगर परिषद के लिए मतदान जारी https://t.co/TN2CPmVYF9#MadhyaPradesh #MPNews #Shjapur pic.twitter.com/PLiWEhYu83

— NaiDunia (@Nai_Dunia) July 6, 2022

शाजापुर जिले में शाजापुर और मक्सी नगर परिषद नगरीय निकाय के पहले चरण का मतदान शुरू हो गया है। शाजापुर नगर पालिका के 29 वार्ड में पार्षद के लिए 93 प्रत्याशी मैदान में हैं। वहीं मक्सी के 15 वार्ड में 32 प्रत्याशी मैदान में है सुबह 7बजे से प्रारंभ हुए मतदान में शुरुआत में गति धीमी है। मतदाता काफी कम संख्या में मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। हालांकि समय के साथ मतदाताओं के केंद्रों पर पहुंचने की गति बढ़ रही है।

मालवा-निमाड़ अंचल में आज यहां भी मतदान

– इंदौर जिले में बेटमा, देपालपुर, गौतमपुरा, हातोद, महूंगांव, मानपुर, राऊ और सांवेर नगर परिषद।

– खंडवा नगर पालिका निगम

– धार जिले में नगर परिषद बदनावर

– बुरहानपुर जिले में नगर पालिका निगम बुरहानपुर और नगर परिषद शाहपुर

– उज्जैन जिले में नगर पालिका निगम उज्जैन और नगर पालिका परिषद बड़नगर

– नीमच जिले में नगर पालिका परिषद नीमच और नगर परिषद जीरन

– रतलाम जिले में नगर परिषद आलोट और नगर परिषद ताल

– शाजापुर जिले में नगर पालिका परिषद शाजापुर और नगर परिषद मक्सी

– आगर मालवा जिले में नगर परिषद बडोद

– मंदसौर जिले में नगर पालिका परिषद मंदसौर, नगर परिषद नगरी

– देवास जिले में बागली, करनावद, हाटपिपल्या, कन्नौद, सतवास, लोहारदा, कांटाफोड़, खातेगांव, नेमावर नगर परिषद।

Posted By: Prashant Pandey

NaiDunia Local

NaiDunia Local

  • # Live MP Nikay Chunav 2022 Updates
  • # Ujjain Nagar Nigam Chunav 2022 Updates
  • # Khandwa Nagar Nigam Chunav 2022 Updates
  • # MP Local Body Election 2022
  • # MP Nagariya Nikay Election 2022
  • # Madhya Pradesh Local Body Election 2022
  • # मध्य प्रदेश निकाय चुनाव लाइव अपडेट्स
  • # मध्य प्रदेश में नगर निगम चुनाव 2022
  • # एमपी नगर निगम चुनाव 2022