Select Page

Chrishtmas 2023: क्रिसमस ट्री को परिवार का सदस्य मानता है भोपाल का विल्सन परिवार, बच्चे की तरह पाल रहे

Chrishtmas 2023: क्रिसमस ट्री को परिवार का सदस्य मानता है भोपाल का विल्सन परिवार, बच्चे की तरह पाल रहे

एयरपोर्ट रोड सुविध विहार कालोनी में 1998 में विल्सन परिवार ने लगाया था पाइन ट्री। हर साल इसी वृक्ष के नीचे विल्सन परिवार मनाता है क्रिसमस पर्व की खुशियां।

Publish Date:

Sun, 24 Dec 2023 03: 35 PM (IST)

Updated Date:

Sun, 24 Dec 2023 03: 35 PM (IST)

Chrishtmas 2023: क्रिसमस ट्री को परिवार का सदस्य मानता है भोपाल का विल्सन परिवार, बच्चे की तरह पाल रहे

HighLights

  1. विल्सन परिवार का दावा है कि यह शहर का सबसे ऊंचा प्राकृतिक क्रिसमस ट्री है।
  2. इसकी ऊंचाई 50 फीट से ज्यादा है।
  3. विल्सन परिवार इस क्रिसमस ट्री के जरिए लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देना चाहता है।

भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि)। क्या आप जानते हैं कि भोपाल शहर में एक ऐसा परिवार है, जिसने अपने घर-आंगन में वर्षों से एक ही क्रिसमस-ट्री के साये तले पर्व की खुशियां मनाता है? यह है शहर के एयरपोर्ट रोड स्थित सुविध विहार कालोनी में रहने वाला विल्सन परिवार, जिन्होंने अपने बगीचे में वर्ष 1998 में पाइन ट्री रोपा था, जो अब 25 वर्ष का हो चुका है। इसके साये में ही वह हर साल बड़े उत्साह के साथ क्रिसमस पर्व मनाते हैं। पर्व के मौके पर इसे क्रिसमस ट्री के रूप में सजाते हैं। आकर्षक विद्युत साज-सज्जा की जाती है। इसे सितारों से सजाया जाता है।

शहर में सबसे ऊंचा क्रिसमस ट्री

विल्सन परिवार का दावा है कि यह शहर का सबसे ऊंचा प्राकृतिक क्रिसमस ट्री है। उन्होंने 1998 में जब इसे अपने बगीचे में रोपा था, तब यह एक से दो फीट का पौधा था। अब इसकी ऊंचाई 50-52 फीट है। विल्सन परिवार इस वृक्ष का पालन-पोषण बच्चों की तरह कर रहा है।

हमारे लिए परिवार का सदस्य है ट्री

प्रमोद विल्सन बताते हैं कि 25 वर्ष पहले वह इसे नर्सरी से लाए थे। शुरुआत में गमले में लगाया था। जब पौधा थोड़ा बड़ा हुआ, तो घर के बाहर जमीन में लगा दिया। पौधे का एक बच्चे की तरह पालन-पोषण किया। हर वर्ष ट्री के नीचे क्रिसमस पर्व मनाते हैं। क्रिसमस की बहुत सारी यादें इससे जुड़ गई हैं। यह हमारे लिए परिवार का सदस्य है। इस प्राकृतिक क्रिसमस ट्री को देखकर खासकर बच्चे बहुत खुश होते हैं।

पर्व के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश

प्रमोद की पत्नी अनीता विल्सन बताती हैं कि प्राकृतिक पौधा लगाने के पीछे हमारा मकसद प्लास्टिक के क्रिसमस-ट्री को बंद करने का संदेश देना था, ताकि कि लोग बाजार से बनावटी क्रिसमस-ट्री खरीद कर न लाएं। घरों में प्राकृतिक क्रिसमस ट्री लगाएं, ताकि पर्यावरण को क्षति न हो। क्रिसमस ट्री लगाने से पहले विशेषज्ञों से जाना कि यह पौधा पहाड़ी व ठंडी जगह अच्छा लगता है। ये आक्सीजन का अच्छा सोर्स है। हर क्रिसमस पर प्लास्टिक का बनावटी पौधा नहीं लेते हैं। ईसाई समुदाय के लोगों को यही संदेश देते हैं कि वो भी प्राकृतिक क्रिसमस ट्री लगाएं।