Select Page

Panchayat President Election : डिंडौरी जिला पंचायत में शपथ ग्रहण समारोह का बहिष्कार

Panchayat President Election : डिंडौरी जिला पंचायत में शपथ ग्रहण समारोह का बहिष्कार

Updated: | Mon, 08 Aug 2022 01: 57 PM (IST)

जबलपुर, नईदुनिया टीम। जबलपुर के आसपास डिंडौरी, शहडोल, कटनी में जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष पद, स्पीकर पद के लिए चुनाव और शपथ ग्रहण समारोह हो रहे हैं। इन जगहों से अलग-अलग तरह की खबरें मिल रही हैं। डिंडौरी में जिला पंचायत कार्यालय में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह का कुछ सदस्यो ं ने बहिष्कार कर दिया है तो शहडोल में तीन नगरीय निकायों में अध्यक्ष उपाध्यक्ष के निर्वाचन की प्रक्रिया चल रही है।

डिंडौरी। सोमवार को जिला पंचायत कार्यालय में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह का जिला पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष सहित कुछ सदस्यों ने बहिष्कार करते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। अध्यक्ष सहित कुछ सदस्यों का आरोप है कि जिला पंचायत सीईओ द्वारा शपथ ग्रहण के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई है। जिला पंचायत के सभागार में शपथ ग्रहण की व्यवस्था की गई हैं, जबकि नवनिर्वाचित अध्यक्ष मांग कर रहे हैं कि जिला पंचायत कार्यालय परिसर में बड़े स्तर पर टेंट लगाकर शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया जाए। जिला पंचायत में शपथ ग्रहण के दौरान पर्याप्त व्यवस्था होता न देख कर अध्यक्ष सहित अन्य सदस्य कलेक्टर कार्यालय के सामने रानी दुर्गा बती चौक पहुंच गए।

यहां दिन्दौर और शहपुरा के कांग्रेसी विधायक, कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सहित नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष और सदस्य धरना प्रदर्शन में बैठ गए हैं। नारेबाजी कर विरोध जता रहे हैं। आरोप लगाया जा रहा है कि कांग्रेस समर्थित जिला पंचायत में अध्यक्ष के विजयी होने के चलते जानबूझकर शपथ ग्रहण कार्यक्रम को संक्षिप्त कर दिया गया है।उन्हें बड़े स्तर पर शपथ ग्रहण कार्यक्रम कराने नहीं दिया जा रहा है। प्रदर्शन के दौरान डिंडोरी विधायक ओमकार सिंह मरकाम, शहपुरा विधायक भूपेंद्र मरावी,जिला कांग्रेस अध्यक्ष वीरेंद्र बिहारी शुक्ला, कांग्रेस प्रदेश प्रतिनिधि रमेश राजपाल, नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष रुदेश परस्ते, उपाध्यक्ष सहित कुछ कांग्रेस समर्थित जिला पंचायत सदस्य प्रदर्शन में शामिल हो रहे हैं। सूचना मिलने पर जिले के अन्य ब्लॉक से भी कांग्रेसी दुर्गा वती स्मारक स्थल चौक में पहुंच रहे हैं।अब सभी मांग कर रहे है कि उन्हें यही शपथ दिलाया जाए।

कटनी में स्पीकर पद

कटनी। एडवोकेट मौसूफ अहमद बिट्टू, ईश्वर बहरानी एवं संदीप राजाराम गुड्डू यादव, वंदना राजकिशोर यादव, मनीष पाठक ने लिया स्पीकर पद के नाम निर्देशन का प्रारूप।

एडवोकेट मौसूफ अहमद बिट्टू, संदीप राजाराम गुड्डू यादव व मनीष पाठक द्वारा स्पीकर पद के नाम निर्देशन हेतु जमा प्रारूप/ फॉर्म विधि मान्य होने के कारण स्वीकृत किये गए।

शहडोल के चारों नगरीय निकायों में भाजपा समर्थित अध्यक्ष चुने गए

शहडोल। जिले के तीन नगरीय निकायों में अध्यक्ष उपाध्यक्ष के निर्वाचन की प्रक्रिया चल रही है। अभी तक चारों निकायों के अध्यक्ष पद का चयन हो चुका है जिसमें चारों सीटों पर भाजपा समर्थित प्रत्याशी अध्यक्ष बने हैं। यानी चारों सीटों पर भाजपा का कब्जा हो गया है।धनपुरी नगर पालिका परिषद में अध्यक्ष पद पर भाजपा प्रत्याशी रविंदर कौर छाबड़ा विजय हुई है। इन्होंने कांग्रेस के शोभाराम पटेल को पराजित किया है। रविंदर कौर छाबड़ा पहले भी अध्यक्ष रह चुकी हैं और एक बार फिर निर्दलीयों को अपने पक्ष में करते हुए नगर सरकार का प्रतिनिधित्व करने का मौका पा लिया है।

इसी तरह ब्यौहारी नगर परिषद में अध्यक्ष पद पर भाजपा प्रत्याशी श्रीकृष्ण गुप्ता राजन चुने गए हैं। इन्होंने कांग्रेस समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी मालती रमेश चमडिया को 1 वोट से पराजित किया है।नगर परिषद खांड में भाजपा समर्थित प्रत्याशी सुशीला सिंह अध्यक्ष चुनी गई हैं। इन्होंने कांग्रेश की सरिता सिंह को पराजित किया है। सुशीला सिंह पूर्व में भी यहां अध्यक्ष रह चुकी हैं। इनके अलावा नवगठित नगर परिषद बाकहों में भाजपा से विद्रोह करके अध्यक्ष पद पर मौसमी केवट ने विजय हासिल की है। अध्यक्ष पद पर इन्हें अधिकृत प्रत्याशी भाजपा ने नहीं बनाया था जबकि यह भाजपा के समर्थन में ही पार्षद का चुनाव जीतकर आई थी।

पार्टी से विद्रोह करके इन्होंने अध्यक्ष का चुनाव लड़ा और अधिकृत प्रत्याशी को पछाड़ते हुए अध्यक्ष पद पर कब्जा कर लिया। जीत के बाद भाजपा में खुशी की लहर फैल गई है और बैंड बाजे के साथ कार्यकर्ता नृत्य कर रहे हैं। खासकर धनपुरी नगरपालिका परिषद में खुशी का माहौल अधिक देखा जा रहा है क्योंकि यहां पहले से यह माना जा रहा था कि कांग्रेस के शोभाराम पटेल ही अध्यक्ष निर्वाचित होंगे क्योंकि यहां से सर्वाधिक पार्षद कांग्रेस के ही जीत कर आए थे। भाजपा की रणनीति ने यहां कांग्रेस को ऐसा गच्चा दिया कि सत्ता के नजदीक रहने के बाद भी शोभाराम की शोभा बिगाड़ दी गई। इस बार शोभाराम पटेल अब उपाध्यक्ष भी नहीं बन पाएंगे जबकि पिछले कार्यकाल में जब रविंदर कौर छाबड़ा अध्यक्ष थी तो यह उपाध्यक्ष पद पर आसीन थे। ऐसा माना जा रहा है कि कांग्रेस के पार्षदों ने ही इन्हें अंदरूनी तौर पर धोखा दिया और अध्यक्ष जी से दूर कर दिया।

चंदिया में भाजपा के बागी प्रत्याशी ने अध्यक्ष पद पर जीत की हासिल भाजपा की अधिकृत प्रत्याशी और कांग्रेस को मिले 4-4 वोट

फ़ोटो

नगर परिषद अध्यक्ष के रूप में निर्वाचित पुरुषोत्तम कोल जीत के बाद विजयी मुद्रा में

उमरिया। जिले के चंदिया नगर परिषद में भारतीय जनता पार्टी के बागी प्रत्याशी पुरुषोत्तम कोल ने जीत हासिल कर ली है, जबकि भारतीय जनता पार्टी की अधिकृत प्रत्याशी मंजू कोल को सिर्फ 4 वोट मिले हैं वही कांग्रेस प्रत्याशी गुलाब कोल को भी 4 वोट मिले हैं। यहां खास बात यह है कि भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने अध्यक्ष पद के प्रत्याशी को बदलने की मांग संगठन के सामने रखी थी, लेकिन संगठन ने कोई सुनवाई नहीं की जिसका नतीजा निकल कर अब सामने आया है।

भाजपा के 7 पार्षद, तीन ने की क्रॉस वोटिंग

नगर परिषद चंदिया के 15 वार्डो में बीजेपी के 7 पार्षद चुनकर आए थे। भाजपा ने 7 वार्डो पर कब्ज़ा किया था, परन्तु अध्यक्ष के लिए बीजेपी की अधिकृत प्रत्याशी मंजू कोल को महज 4 मतों से ही संतोष करना पड़ा, जो भाजपा संगठन के लिए बड़ा झटका है। स्पष्ट है कि भाजपा के 3 पार्षदों ने क्रॉस वोटिंग की है। यदि भारतीय जनता पार्टी के संगठन ने अध्यक्ष पद का प्रत्याशी बदल दिया होता या पहले ही वरिष्ठ जनों की सलाह से प्रत्याशी की घोषणा की होती तो निश्चित तौर पर चनिया नगर परिषद में भाजपा इस तरह के विवाद में नहीं उलझती।

कांग्रेस का वोट बढ़ा

चुनाव नतीजों के बाद कांग्रेस ने 3 वार्डो पर कब्जा किया था,परन्तु कांग्रेस समर्थित गुलाब कोल को 4 मत मिले है। स्पष्ट है कि कांग्रेस को एक अतिरिक्त वोट मिला है जो निश्चित तौर पर किसी निर्दलीय पार्षद ने दिया है।

पुरुषोत्तम भी भाजपा पार्षद

नगर परिषद चंदिया में अध्यक्ष के लिए निर्वाचित पुरुषोत्तम कोल भाजपा से ही निर्वाचित पार्षद थे,पर मंजू कोल को अधिकृत प्रत्याशी बनाने के बाद संगठन ने पुरुषोत्तम कोल को अध्यक्ष अभ्यर्थी न बनने के लिए काफी समझाइश दी। परन्तु वो नही माने, और अंततः अपने प्रतिद्वंदियों से बड़े फासले में जीत दर्ज कर इतिहास रच डाला।

दो गुट में भाजपा

नगर परिषद अध्यक्षी निर्वाचन में भाजपा खेमा दो गुटों में दिखा। निश्चित रूप से गुटबाजी रूपी दीमक बीजेपी संगठन में भी धीरे-धीरे पैर पसार रहा है,जिसे संगठन के लिए शुभ संकेत नही कहा जा सकता।

नोरोजाबाद में 1 वोट से भाजपा प्रत्याशी की जीत

नोरोजाबाद नगर परिषद में भाजपा प्रत्याशी श्रीमती कुशल बाई ने 1 वोट से नगर परिषद अध्यक्ष का चुनाव जीत लिया है। उन्होंने कांग्रेस के प्रत्याशी एवं पूर्व अध्यक्ष रहे सती लाल बैगा को 1 वोट से चुनाव हरा दिया। नोरोजाबाद में भारतीय जनता पार्टी एकजुट नजर आई और यहां पूर्व सांसद एवं मंत्री ज्ञान सिंह तथा विधायक शिवनारायण सिंह का प्रभाव स्पष्ट रूप से देखने को मिला।

Posted By: Mukesh Vishwakarma

NaiDunia Local

NaiDunia Local

  • # Panchayat President Election
  • # Jila panchayat President Election
  • # Oath Ceremony
  • # Political News