Select Page

Bhopal News: कबाड़खाने में प्लास्टिक के गोडाउन में लगी आग, टला बड़ा हादसा

Bhopal News: कबाड़खाने में प्लास्टिक के गोडाउन में लगी आग, टला बड़ा हादसा

छह दमकलों की मदद से दो घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका। गोडाउन में रखा सामान जलकर खाक।

Publish Date:

Thu, 09 Nov 2023 01: 56 PM (IST)

Updated Date:

Thu, 09 Nov 2023 01: 56 PM (IST)

Bhopal News: कबाड़खाने में प्लास्टिक के गोडाउन में लगी आग, टला बड़ा हादसा

HighLights

  1. कबाड़खाने में आयशा ट्रेडर्स नाम से कबाड़ के गोडाउन में हुई घटना।
  2. आग लगने का कारण फिलहाल पता नहीं चल पाया।
  3. आग लगने से आसपास के दुकानदारों और रहवासियों में दहशत फैल गई।

भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि)। पुराने शहर में स्थित कबाड़खाने में बुधवार देर रात आग लगने से एक प्लास्टिक का गोडाउन पूरी तरह जलकर राख हो गया। आसपास के लोगों ने आग की लपटों को देखकर इसकी सूचना फायर कंट्रोल रूम को दी। जिसके बाद मौके पर फतेहगढ़, कबाड़खाना, बोगदापुल और बैरागढ़ से छह दमकलें भेजी गईं, तब जाकर रात एक बजे तक इस आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक गोडाउन में रखा तकरीबन सारा सामान जलकर खाक हो गया।

संकरे रास्ते से दमकलों को पहुंचने में आई मुश्किल

दमकलकर्मी फारुख अहमद ने बताया कि कबाड़खाने में आयशा ट्रेडर्स नाम से कबाड़ का गोडाउन है। यहां बड़ी मात्रा में प्लास्टिक व अन्य कचरा पड़ा हुआ था। रात 10.55 बजे यहां आग लगने की सूचना निगम के फायर कंट्रोल रूम को दी गई थी। जिसके बाद मौके पर आधा दर्जन दमकलें भेजी गई। लेकिन घटनास्थल तक पहुंचने के लिए रास्ता संकरा था, जिससे मुश्किल से दमकलें मौके पर पहुंची। हालांकि समय पर दमकलकर्मियों के पहुंचने से आग अधिक नहीं फैल पाई और इसे बुझा लिया गया।

आग की लपटों को देखकर फैली दहशत

प्रत्यक्षदर्शी नसीरुद्दीन ने बताया कि आग करीब रात 10.45 बजे लगी थी। लेकिन तब केवल धुंआ उठ रहा था। 11.15 बजे तक आग ने पूरे गोडाउन को अपनी चपेट में ले लिया। जिससे आसपास के दुकानदारों और रहवासियों में दहशत फैल गई। सभी घरों से बाहर निकल गए। हालांकि तब तक दमकलकर्मियों ने मौके पर मोर्चा संभाल लिया था, जिससे आसपास की अन्य दुकानों व घरों तक आग नहीं पहुंच पाई।

आग लगने का कारण अज्ञात

फायरमेन नोमन खान ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही कबाड़खाने के लिए गाड़ियां रवाना कर दी गई थीं, जिससे आग प्लास्टिक के गोडाउन से आगे नहीं बढ़ सकी। हालांकि आग किन कारणों से लगी, अभी इसका पता नहीं चल पाया है। वहीं इससे कितना नुकसान हुआ, उसका आंकड़ा भी जुटाया जा रहा है।