Select Page

MP Weather News: धूप में तल्खी बरकरार, हवाओं का रुख उत्तरी होने से दो दिन बाद कम होने लगेगा तापमान

MP Weather News: धूप में तल्खी बरकरार, हवाओं का रुख उत्तरी होने से दो दिन बाद कम होने लगेगा तापमान

पचमढ़ी में रात का तापमान 12 डिग्री सेल्सियस पर। वर्तमान में प्रदेश में हवाओं का रुख लगातार दक्षिणी एवं दक्षिण-पूर्वी बना हुआ है। इस वजह से दिन के तापमान में बढ़ोतरी हो रही है।

Publish Date:

Wed, 08 Nov 2023 01: 56 PM (IST)

Updated Date:

Wed, 08 Nov 2023 01: 56 PM (IST)

MP Weather News: धूप में तल्खी बरकरार, हवाओं का रुख उत्तरी होने से दो दिन बाद कम होने लगेगा तापमान

HighLights

  1. मप्र में एक प्रति-चक्रवात के बने रहने के कारण हवाओं का रुख बार-बार बदल रहा है।
  2. 10 नवंबर को पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत से आगे बढ़ जाने की संभावना है।
  3. उसके बाद हवाओं का रुख बदलकर उत्तरी होने लगेगा।

भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि)। हवाओं का रुख लगातार दक्षिणी एवं दक्षिण-पूर्वी बना रहने से प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है। इससे धूप में चुभन बरकरार है। हालांकि रात के समय तापमान सामान्य के आसपास बना रहने से हल्की ठंड मौजूद है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक हवाओं का रुख बदलने से 11 नवंबर से रात के तापमान में गिरावट होने के आसार हैं। बुधवार को हिल स्टेशन पचमढ़ी का तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी भोपाल में न्यूनतम तापमान 16.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जो सामान्य रहा।

चल रही दक्षिण-पूर्वी हवाएं

मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान के आसपास द्रोणिका के रूप में बना हुआ है। इसके प्रभाव से उत्तर-पश्चिमी राजस्थान पर एक प्रेरित चक्रवात बन गया है। वर्तमान में प्रदेश में हवाओं का रुख लगातार दक्षिणी एवं दक्षिण-पूर्वी बना हुआ है। इस वजह से दिन के तापमान में बढ़ोतरी हो रही है।

पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ने पर बदलेगा मौसम

मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि मप्र में एक प्रति-चक्रवात के बने रहने के कारण हवाओं का रुख बार-बार बदल रहा है। हवा का रुख उत्तरी नहीं होने से तापमान में कमी नहीं आ रही है। 10 नवंबर को पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत से आगे बढ़ जाने की संभावना है। उसके बाद हवाओं का रुख बदलकर उत्तरी होने लगेगा। इसकी वजह से दिन और रात के तापमान में गिरावट का सिलसिला शुरू हो सकता है। उधर मंगलवार को राजधानी भोपाल का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक रहा था। बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के पार जाने की भी संभावना है।