Select Page

Ganesh Chaturthi 2023: इंदौर में पहली बार साथ नजर आएंगे शिवलिंग में विराजे अलग-अलग स्वरूप के 108 गणेश

Ganesh Chaturthi 2023: इंदौर में पहली बार साथ नजर आएंगे शिवलिंग में विराजे अलग-अलग स्वरूप के 108 गणेश

शहरभर में दस दिनी गणेशोत्सव की तैयारी जोरों पर, कई स्वरूप में विराजित होंगे वक्रतुंड। अलग-अलग तरह से सजाया जाएगा पंडाल, कहीं महाकाल मंदिर की प्रतिकृति तो कहीं जयपुर का महल।

Publish Date:

Fri, 15 Sep 2023 08: 57 AM (IST)

Updated Date:

Fri, 15 Sep 2023 08: 57 AM (IST)

Ganesh Chaturthi 2023: इंदौर में पहली बार साथ नजर आएंगे शिवलिंग में विराजे अलग-अलग स्वरूप के 108 गणेश

जयरामपुर कालोनी में होगी 108 गणेश की अलग अलग स्वरूप की मूर्तियां। -नईदुनिया

HighLights

  1. इंदौर में प्रथम पूजनीय कई अलग-अलग स्वरूप में नजर आएंगे।
  2. पहली बार 19 फीट ऊंचे शिवलिंग में 11 बाय 30 फीट की मूर्ति में भगवान गणेश के 108 अलग-अलग स्वरूप नजर आएंगे।
  3. गणेश जी की स्थापना महाकाल मंदिर की प्रतिकृति में होगा।

इंदौर, नईदुनिया प्रतिनिधि। गणेशोत्सव समितियों की 19 सितंबर से शुरू हो रहे दस दिनी गणेशोत्सव की तैयारी अब अंतिम चरण में है। इस बार प्रथम पूजनीय कई अलग-अलग स्वरूप में नजर आएंगे। पहली बार 19 फीट ऊंचे शिवलिंग में 11 बाय 30 फीट की मूर्ति में भगवान गणेश के 108 अलग-अलग स्वरूप नजर आएंगे।

इसके साथ ही लालबाग के राजा के स्वरूप के साथ महाकाल मंदिर की प्रतिकृति और जयपुर महल भी वक्रतुंड को विराजित करने के लिए सजाया जा रहा है। धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन भी प्रतिदिन होंगे। सामाजिक सरोकार की पहल भी होगी।

जयरामपुर कालोनी में 19 फीट ऊंचे शिवलिंग में 108 गणेश के दर्शन होंगे। इसमें 10 फीट का नंदी भी बनाया जा रहा है। मूर्ति का निर्माण बंगाली कारीगरों द्वारा किया जा रहा है। सार्वजनिक महोत्सव समिति, जयरामपुर कालोनी के सचिव अनिल आगा ने बताया कि प्रदेश में यह पहला मौका है जब भगवान गणेश के अलग-अलग 108 स्वरूपों के दर्शन होंगे।

महोत्सव में प्रतिदिन भगवान को छप्पन भोग लगाए जाएंगे। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे जबकि सामाजिक सरोकार के लिए जरूरतमंदों को राशन फूड पैकेट वितरित किए जाएंगे। इस दौरान फल वाटिका भी सजाई जाएगी। इसमें पंडाल को 40 तरह के फलों से सजाया जाएगा। प्रतिदिन रात नौ बजे से संगीतमयी आरती होगी।

शहर में गणेशोत्सव की तैयारियां जोरों पर हैं। -नईदुनिया

भोई मोहल्ला में महाकाल मंदिर की प्रतिकृति

भैरव गणेश उत्सव समिति द्वारा भोई मोहल्ला में 13 वर्षों से गणेश स्थापना की जा रही है। समिति के भीम गौड़ का कहना है कि इस बार पंडाल को महाकाल लोक की तरह सजाया जा रहा है। गणेश जी की स्थापना महाकाल मंदिर की प्रतिकृति में होगा। यहां 20 फीट की मूर्ति को विराजित किया जाएगा।

स्नेहलतागंज में 18 फीट के ईको फ्रेंडली गणेश

स्नेहलता नवयुवक मंडल द्वारा स्नेहलतागंज में स्वतंत्रता से पहले से गणेशोत्सव मनाया जा रहा है। मंडल के शैलेद्र रघुवंशी का कहना है कि इस बार माटी के 18 फीट ऊंचे गणेश की स्थापना होगी। पर्यावरण संरक्षण की भावना से ईको फ्रेंडली गणेश की स्थापना की जा रही है। इसमें प्रतिदिन विधिवत पूजा-अर्चना और आरती होगी। इसके साथ ही प्रसाद वितरण किया जाएगा।

मुंबई से आएंगे 21 फीट पालदा के राजा

पालदा के राजा को विराजित करने के लिए महल बनाया जा रहा है। मालवा कला अकादमी के अध्यक्ष मनोज वर्मा और अशोक गोयल ने बताया कि दस दिनी गणेश उत्सव हर्षोल्लास से मनाया जाएगा। पंडाल करीब 80 फीट चौड़ा, 60 फीट लंबा और 21 फिट ऊंचा बनाया जा रहा है। मूर्ति को मुंबई से लाया जाएगा।