Select Page

Today In Indore: कहीं पुस्तकों की दुनिया सजेगी तो कहीं शास्त्रीय संगीत की महफिल जमेगी

Today In Indore: कहीं पुस्तकों की दुनिया सजेगी तो कहीं शास्त्रीय संगीत की महफिल जमेगी

Today In Indore: इंदौर, नईदुनिया प्रतिनिधि। शहर में विभिन्न धार्मिक-सामाजिक और सांस्कृतिक संगठनों द्वारा कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। 17 अगस्त का दिन भी आयोजन से भरा होगा। कहीं पुस्तकों की दुनिया सजेगी तो कहीं शास्त्रीय संगीत की महफिल भी जमेगी। इसके साथ ही श्रावण माह में शिव आराधना के विभिन्न आयोजन भी होंगे। इसमें सवा लाख रुद्राक्ष से बनाए गए 13 फीट उंचे शिवलिंग का पूजन भी किया जाएगा।

– छत्रीबाग स्थित श्री लक्ष्मी वेंकटेश देवस्थानम में सुबह 7.45 बजे नाम जप परिक्रमा होगी। इसमें भक्त भगवान विष्णु के नाम का स्मरण करते हुए उनकी परिक्रमा कर सकेंगे।

– दस साल बाद गांधी हाल में एक बार फिर राष्ट्रीय पुस्तक मेला 11 से 20 अगस्त तक आयोजित किया जा रहा है। इसमें किताबों के 100 स्टाल लगाए जाएंगे और हर स्टाल पर एक हजार अलग-अलग विषय की किताबें होगी। यह पुस्तकें बोलेगी, बातें करेंगी और ऐसी दुनिया में ले जाएंगी, जहां पाठक थोड़ा और मानवीय होगा। इसमें राजनीती, शैक्षणिक, कला, सांस्कृतिक, धार्मिक, आध्यात्मक सहित सभी विषयों का समावेश किया गया है। पुस्तक मेला दोपहर 12 से रात 9 बजे तक खुला रहेगा।

– गीता भवन में सवा लाख पंचमुखी रूद्राक्ष से 13 फीट ऊंचे शिवलिंग के साथ द्वादश ज्योतिर्लिंग के भी दर्शन भक्तों को गीता भवन परिसर में होंगे। दर्शन सुबह 7 से रात 10 बजे तक किए जा सकेंगे। इसके साथ ही देश की 11 पवित्र नदियों के जल एवं पांच ज्योतिर्लिंग की मिट्टी से निर्मित द्वादश ज्योतिर्लिंग के अभिषेक पूजन भी किया जाएगा। इसमें श्रद्धालु प्रतिदिन अभिषेक, दर्शन एवं पूजन के बाद अभिमंत्रित पंचमुखी रूद्राक्ष का प्रसाद भी प्राप्त कर सकेंगे।प्रतिदिन दर्शन-पूजन और रुद्राक्ष वितरण यह आयोजन 29 अगस्त तक होगा।

– आठ वर्षों के अंतराल से छत्रीबाग रामद्वारा पर अंतरराष्ट्रीय रामस्नेही संप्रदाय के आचार्य, जगदगुरू स्वामी रामदयाल महाराज का चातुर्मास के लिए आगमन हुआ। उनके रामद्वारा छत्रीबाग में प्रतिदिन प्रवचन सुबह 9 बजे से होंगे। इस अवसर पर संप्रदाय के अन्य संतों के प्रवचन भी होंगे।

– शास्त्रीय संगीत में यदि आपकी रूचि है तो आज शाम आप अपनी यह ख्वाहिश पूरी कर सकते हैं। जाल सभागृह में शाम 6 बजे से होने वाले ‘स्वर – राज’ संगीत समारोह का आप आनंद लेने पहुंच जाएं और यहां गायन-वादन की महफिल का लाभ लें। इस आयोजन में कमल कामले, शोभा चौधरी, प्रखर विजयवर्गीय, राहुल बेने और दीपक खसरावल प्रस्तुति देंगे।

Posted By: Sameer Deshpande