Select Page

MP Election 2023: मप्र विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की स्‍क्रीनिंग कमेटी घोषित, जितेंद्र सिंह चेयरमैन बनाए गए

MP Election 2023: भोपाल (राज्य ब्यूरो)। नवंबर में होने वाले मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने प्रत्याशी का चयन करने के लिए छानबीन समिति बना दी है। पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह को इसका अध्यक्ष बनाया गया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, प्रदेश प्रभारी जेपी अग्रवाल, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डा. गोविंद सिंह सहित अन्य इसके पदेन सदस्य होंगे।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने मध्य प्रदेश सहित अन्य राज्यों के विधानसभा चुनाव को देखते हुए छानबीन समिति गठित की है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और लोकसभा सदस्य सप्तगिरि उल्का को समिति का सदस्य बनाया गया है।

चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया, सिहावल से विधायक कमलेश्वर पटेल और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रभारी सचिव भी पदेन सदस्य रहेंगे।

पटेल को समिति में स्थान देकर उनका कद बढ़ाया गया है। यह समिति प्रदेश कांग्रेस द्वारा जो नाम प्रस्तावित करेगी, उन पर विचार करने के बाद अंतिम रूप देगी। सूत्रों के अनुसार पार्टी सितंबर में प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर सकती है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ इसे लेकर प्रारंभिक तैयारी कर चुके हैं। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह से उन 66 विधानसभा क्षेत्रों की जानकारी तैयार करवाई है, जहां पार्टी पिछले तीन चुनाव से लगातार हार का सामना कर रही है।

Posted By: Hemant Kumar Upadhyay

Mp
Mp