Select Page

बुंदेलखंड की अयोध्या कही जाने वाली ओरछा सजकर तैयार, कंचना घाट पर प्रज्ज्वलित होंगे एक लाख दीप

Orchha Ram Temple: सीएम डॉ मोहन यादव और पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान भी ओरछा के राम राजा सरकार मंदिर में होने वाले कार्यक्रम में होंगे शामिल।

Publish Date:

Sun, 21 Jan 2024 05: 50 PM (IST)

Updated Date:

Sun, 21 Jan 2024 05: 59 PM (IST)

बुंदेलखंड की अयोध्या कही जाने वाली ओरछा सजकर तैयार, कंचना घाट पर प्रज्ज्वलित होंगे एक लाख दीप

कार्यक्रम को लेकर श्रीरामराजा सरकार मंदिर को आकर्षक लाइटों से सजाया गया।

Orchha Ram Temple: नईदुनिया न्यूज, ओरछा। अयोध्या में भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर देशभर के मंदिरों में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। वहीं बुंदेलखंड की अयोध्या ओरछा नगरी भी सज संवरकर तैयार हो गई है, जहां पर विशेष पूजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव के साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी शामिल होंगे।

कार्यक्रम को लेकर नगर सहित आसपास के लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। 22 जनवरी को यहां पर विशेष पूजन के अलावा बेतवा नदी के कंचना घाट पर एक लाख दीप जलाए जाएंगे। प्रशासन ने इसको लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं।

गौरतलब है कि बुंदेलखंड की अयोध्या कहे जाने वाली ओरछा नगरी में विराजमान श्रीरामराजा सरकार की विशेष पूजा सोमवार को की जाएगी। इसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव हेलीकाप्टर से सुबह 11.50 बजे ओरछा में बनाए गए हेलीपेड पर उतरेंगे और फिर 11.55 पर श्रीरामराजा सरकार के मंदिर में पहुंचेंगे।

naidunia_image

इसके बाद 12.50 तक स्थानीय कार्यक्रमों में शिरकत करने के साथ ही अयोध्या मंदिर में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लाइव देखने के बाद भोपाल के लिए रवाना हो जाएंगे। मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह का भी आना तय हुआ है।

कलेक्टर अरूण कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि मंदिर में विशेष साज-सज्जा की गई है और घर-घर दरवाजे पर रंगोली बनाई जाएगी। इसके बाद शाम के समय कंचना घाट पर एक लाख दीप प्रज्ज्वलित कर बेतवा जी की आरती होगी।