Select Page

MP Election 2023 : कटनी में जनसंपर्क के दौरान भाजपा कार्यकर्ता ने युवक को जड़ा तमाचा

MP Election 2023 : मुड़वारा भाजपा प्रत्याशी का भी युवक को धक्का देते इंटरनेट पर वीडियाे हुआ प्रसारित, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सोनी का कहना था कि उन्होंने अभी वीडियो देखा नहीं है और इसके चलते अभी मामले में वे कुछ नहीं कह सकते हैं।

Publish Date:

Wed, 15 Nov 2023 01: 44 PM (IST)

Updated Date:

Wed, 15 Nov 2023 01: 44 PM (IST)

MP Election 2023 : कटनी में जनसंपर्क के दौरान भाजपा कार्यकर्ता ने युवक को जड़ा तमाचा

HighLights

  1. प्रत्याशी खुद युवक को कार्यकर्ताओं के बीच से बाहर लेकर आए।
  2. वीडियो इंटरनेट मीडिया पर भी प्रसारित हो रहा है।
  3. भाजपा उम्मीदवार रजरवारा नंबर एक गांव में जनसंपर्क में गए थे।

MP Election 2023 : नईदुनिया प्रतिनिधि, कटनी। विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के रजरवारा नंबर- एक गांव में सोमवार की रात को भाजपा प्रत्याशी के सामने जनसंपर्क के दौरान एक कार्यकर्ता ने गांव के ही एक युवक को तमाचा जड़ दिया। जिसके बाद प्रत्याशी खुद उस युवक को कार्यकर्ताओं के बीच से बाहर लेकर आए। मामले का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर भी प्रसारित हो रहा है। मामले में युवक की शिकायत पर पुलिस ने कार्यकर्ता के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

कालूराम यादव ने कुछ बात कह दी थी

भाजपा उम्मीदवार संजय पाठक सोमवार की रात को रजरवारा नंबर एक गांव में जनसंपर्क में गए थे, उसी दौरान गांव के कालूराम यादव नामक एक युवक ने कुछ बात कह दी। जिसके बाद आक्रोशित जनपद उपाध्यक्ष उदयराज सिंह चाैहान ने उसे दो-तीन तमाचा जड़ दिए। प्रत्याशी पाठक ने कालूराम को कार्यकर्ताओं के बीच से बाहर निकाला। मामले का वीडियो इंटरनेट पर भी प्रसारित हो रहा है। दूसरी ओर बताया जाता है कि घटना के बाद कालूराम व उसके साथी गांव के ही एक विश्वजीत सिंह के घर में घुस गए और उसे बाहर निकालकर उसके साथ भी मारपीट की। विश्वजीत ने भी कालूराम व अन्य के खिलाफ मारपीट की शिकायत दर्ज कराई है। थाना प्रभारी अनूप सिंह का कहना है कि दोनों मामले की जांच की जा रही है।

मुड़वारा प्रत्याशी का भी युवक को धक्का देते इंटरनेट पर वीडियाे हुआ प्रसारित

दूसरी ओर मुड़वारा से भाजपा प्रत्याशी संदीप जायसवाल का भी एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ है। जिसमें वे एक युवक को धक्का देकर भगाते नजर आ रहे हैं। मामले को लेकर कहा जा रहा है कि वीडियो काफी पुराना है। ठीक चुनाव के समय वीडियो के आने को लेकर भी भाजपा पदाधिकारियों के अलग-अलग मत हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सोनी का कहना था कि उन्होंने अभी वीडियो देखा नहीं है और इसके चलते अभी मामले में वे कुछ नहीं कह सकते हैं।