Select Page

Navratri 2023: मां हरसिद्धि मंदिर में उमड़ा आस्‍था का सैलाब, अन्‍य देवी मंदिरों में भी पहुंचे भक्त

Navratri 2023: मां हरसिद्धि मंदिर में उमड़ा आस्‍था का सैलाब, अन्‍य देवी मंदिरों में भी पहुंचे भक्त

Navratri 2023: नवरात्र के चलते उज्जैन स्थित शक्तिपीठ हरसिद्धि मंदिर में भक्तों की भीड़ उमड़ी। इसके साथ ही अन्य देवी मंदिरों में भी बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे।

Publish Date:

Mon, 16 Oct 2023 11: 59 AM (IST)

Updated Date:

Mon, 16 Oct 2023 11: 59 AM (IST)

Navratri 2023: मां हरसिद्धि मंदिर में उमड़ा आस्‍था का सैलाब, अन्‍य देवी मंदिरों में भी पहुंचे भक्त

हरसिद्धि मंदिर में प्रज्वलित दीपमालिका व दर्शन को उमड़े भक्त

HighLights

  1. देवी मंदिरों में पहले ही दिन लगी आस्था की कतार
  2. शक्तिपीठ हरसिद्धि में आस्था का उजियारा
  3. प्रज्वलित हुई दीपमालिका

Navratri 2023 नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। शक्तिपीठ हरसिद्धि मंदिर में शारदीय नवरात्र के पहले दिन संध्या आरती में सामूहिक दीपमालिका प्रज्वलित की गई। माता हरसिद्धि का आंगन आस्था के उजियारे से दमक उठा। माता हरसिद्धि व दीपमालिका के दर्शन करने हजारों भक्त उमड़े। मान्यता है माता हरसिद्धि दिन में गुजरात के हरशद गांव स्थित हरसिद्धि मंदिर में निवास करती है और रात्रि विश्राम के लिए उज्जैन आती हैं। इसलिए यहां संध्या आरती विशेष मानी जाती है।

अश्विन शुक्ल प्रतिपदा पर रविवार को बुधादित्य योग में शारदीय नवरात्र का शुभारंभ हुआ। शक्तिपीठ हरसिद्धि मंदिर में सुबह 9 बजे घट स्थापना हुई। शहर के अन्य देवी मंदिर तथा सार्वजनिक पंडाल में भी शुभ मुहूर्त में मां दुर्गा की मूर्ति स्थापित की गई। शाम को गरबा पांडालों में नौ दिवसीय गरबा उत्सव की धूम शुरू हुई। युवतियों ने गरबा गीतों से माता की नृत्य आराधना की। शक्तिपीठ हरसिद्धि मंदिर में दीपमालिका प्रज्वलित की गई।

महाअष्टमी पर होगी नगर पूजा

शारदीय नवरात्र के पहले ही दिन देवी मंदिरों में दर्शनार्थियों का तांता लगा। हरसिद्धि, गढ़कालिका, चामुंडा माता मंदिर में दर्शनार्थियों की कतार लगी रही। शाम को संध्या आरती में भी बड़ी संख्या में भक्त उमड़े। आकर्षक विद्युत रोशनी से माता मंदिर दमक रहे हैं। भक्तों को हलवा व खीर प्रसादी का वितरण किया जा रहा है। नौ दिनों तक विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम होंगे। चुनरी यात्रा निकाली जाएगी। महाअष्टमी पर नगर पूजा होगी। शासन की ओर से शहर के 40 से अधिक देवी व भैरव मंदिरों में मदिरा की धार लगाकर पूजा अर्चना की जाएगी। महानवमी पर बाड़ी विसर्जन चल समारोह निकलेंगे।

भूखी माता व गढ़कालिका में प्रज्वलित हुई दीपमालिका

शारदीय नवरात्र में शक्तिपीठ हरसिद्धि के साथ गढ़कालिका व भूखी माता मंदिर में भी भक्तों के सहयोग से दीपमालिका प्रज्वलित की जाएगी। इन मंदिर में भक्तों ने दीपमालिका प्रज्वलित कराने के लिए एडवांस बुकिंग करा रखी है। हरसिद्धि मंदिर समिति ने नवरात्र में अधिक भक्तों को दीपमालिका प्रज्वलित कराने का लाभ दिलवाने के लिए स्पाट बुकिंग सुविधा भी शुरु कर रखी है। एक साथ अधिक से अधिक भक्त सामुहिक दीपमालिका प्रज्वलित करा सकते हैं।